लखनऊ : राजधानी लखनऊ में नगर निगम के पशु कल्याण विभाग ने बृहस्पतिवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए बंगला बाजार, शारदा नगर और रुचि खंड में बिना लाइसेंस पालतू कुत्ते घुमाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने चार लोगों को बिना लाइसेंस कुत्ता टहलाते पकड़ा, जिनसे कुल 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। इस कार्रवाई के दौरान टीम और कुछ कुत्ता पालकों के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली।
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि अभियान सुबह 6:30 बजे शुरू किया गया था। जुर्माना वसूलने के बाद संबंधित कुत्ता पालकों के लाइसेंस भी मौके पर ही बनवाए गए।
उन्होंने बताया कि पालतू कुत्ते का लाइसेंस घर बैठे आसानी से नगर निगम की वेबसाइट lmc.up.nic.in पर बनाया जा सकता है। इसके अलावा इच्छुक लोग पशु कल्याण अधिकारी के लालबाग कार्यालय में भी आवेदन कर सकते हैं।
लाइसेंस के लिए कुत्ते का रैबीज टीकाकरण प्रमाणपत्र अनिवार्य है। किसी भी जानकारी के लिए नगर निगम के कर्मचारी जयंत सिंह (मोबाइल: 9511156792) और अफसर अली (मोबाइल: 9721095021) से संपर्क किया जा सकता है।
