लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह कचहरी परिसर उस समय दहशत में आ गया, जब आपसी विवाद के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो चचेरे भाइयों के बीच चल रहा विवाद अचानक हिंसक हो गया और एक वकील ने दूसरे पर गोली चला दी। घटना ने पूरे परिसर में अफरातफरी मचा दी और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि आरोपी वकील विराट राज और घायल जितेंद्र राज दोनों पेशे से वकील हैं और कचहरी परिसर में ही पास-पास बैठकर प्रैक्टिस करते थे। सोमवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। मौके पर मौजूद अन्य वकीलों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की और कुछ समय के लिए विवाद थम भी गया।
हालांकि, कुछ ही मिनटों बाद दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई। इस बार विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी विराट राज ने तमंचा निकालकर अपने चचेरे भाई जितेंद्र राज पर गोली चला दी। गोली सीधे जितेंद्र के पेट में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। गोली चलने की आवाज से पूरे कचहरी परिसर में हड़कंप मच गया और वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल जितेंद्र राज को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर समय रहते उन्हें अस्पताल न पहुंचाया जाता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर विवेक तिवारी और पवन गौतम सहित पुलिस बल पहुंचा और घटना की जानकारी जुटाई। इसके अलावा दुर्गा शक्ति नागपाल और ख्याति गर्ग भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से खेत की मेड़ को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने आज हिंसक रूप ले लिया और मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। पुलिस का कहना है कि घटना में देसी तमंचे का इस्तेमाल किया गया है, जिसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। इस घटना के बाद कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने कानून व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है।
