झुंझुनूं : राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। उदयपुरवाटी तहसील के छापोली गांव में सोमवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर धरना शुरू कर दिया।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई सड़क निर्माण मशीन
उदयपुरवाटी थाना प्रभारी रामपाल के मुताबिक, सड़क निर्माण के दौरान बजरी मिलाने के काम में इस्तेमाल होने वाली एक मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। बिजली की लाइन छूते ही पूरी मशीन में करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए और गंभीर हादसा हो गया।
आठ मजदूरों की मौत, पांच लोग झुलसे
हादसे में आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर धरना शुरू कर दिया।
विधायक और डीएसपी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलने के बाद विधायक भगवानाराम सैनी और डीएसपी सुगन सिंह भी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी ली। ग्रामीणों ने घटना को लेकर धरना शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने झुंझुनूं हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना की जांच कराने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान देने, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
