झांसी : जिले के मोठ कस्बे के रहने वाले एक युवक का ट्रेन के स्लीपर कोच में नहाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो में युवक बाल्टी और मग लेकर कोच के अंदर नहाता हुआ नजर आ रहा है। वह न केवल शरीर पर पानी डाल रहा है बल्कि सिर पर शैंपू भी मलता हुआ दिखाई दे रहा है।
वीडियो में कोच के भीतर कुछ ही यात्री नजर आ रहे हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह वीडियो ट्रेन के यार्ड में खड़ी होने के दौरान बनाया गया। सोशल मीडिया पर मामला बढ़ने के बाद युवक सामने आया और अपनी हरकत के लिए माफी मांग ली।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक का नाम प्रमोद श्रीवास है, जो झांसी जिले के मोठ कस्बे का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह एक नवंबर को खाटू श्याम यात्रा के लिए रवाना हुआ था। उसने आगरा तक जाने के लिए जनरल टिकट लिया था। मोठ से झांसी पहुंचने के बाद उसने स्टेशन पर खड़ी एक स्लीपर कोच वाली ट्रेन में बाल्टी और मग लेकर चढ़ाई की और वहीं नहाने का वीडियो बना लिया।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकत रेल सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है और इससे ट्रेनों की छवि खराब होती है। विभाग ने युवक की पहचान होने के बाद चेतावनी जारी की है।
