जौनपुर/लखनऊ : यूपी के जौनपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां नकाबपोश बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से 9 लाख रुपये लूट लिए। घटना ने न सिर्फ इलाके में दहशत फैला दी, बल्कि जिले की पुलिसिंग पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घर लौटने के दौरान घटना को दिया अंजाम
बराई गांव निवासी जितेंद्र पटेल सीतमसराय बाजार में ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। वह अपने भाई अविनाश और कर्मचारी अभिषेक के साथ 9 लाख रुपये बैग में लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। घर से लगभग 100 मीटर पहले ही नहर के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली और तमंचा तान दिया। लूटपाट के दौरान अविनाश द्वारा विरोध करने पर एक बदमाश ने हवाई फायरिंग कर दी, जिससे दहशत में आकर उन्होंने बैग छोड़ दिया। इसके बाद बदमाश तेजी से जलालपुर की ओर भाग निकले।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
लूट की सूचना मिलते ही नेवढ़िया और जलालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. कौस्तुभ भी भारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
जांच तेज, CCTV कैमरे खंगाले
पुलिस अधीक्षक ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। सर्विलांस सेल को भी एक्टिव किया गया है। फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं, लेकिन एसपी ने जल्द खुलासे का दावा किया है।
