बरेली : पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में “ड्रोन की अफवाह” अब ग्रामीणों के लिए हकीकत से भी बड़ा डर बन चुकी है। अमरोहा, संभल, रामपुर और अब बरेली जैसे जिलों के गांवों में रातभर जागकर ग्रामीण खुद सुरक्षा में लग गए हैं। बरेली देहात के फरीदपुर ब्लॉक के वाहनपुर, सिंघाई, फतेहगंज पश्चिमी के रहपुरा जागीर मीरापुर, केशोपुर, और धंनतीया, हाफिजगंज थाना क्षेत्र के लभेड़ा आदि गांवों में ग्रामीणों ने दावा किया कि उन्होंने रात के समय कई बार ड्रोन उड़ते देखे हैं। लोगों ने आशंका जताई कि यह चोरी की रेकी के लिए हो सकता है। हालांकि, बरेली देहात के सिरौली थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक की ड्रोन चोर के शक में पिटाई कर दी। मगर, वह अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। यह मामला पुलिस में पहुंचा। इसके बाद दोनों पक्षों में सुलह हो गई।
गांवों में डर का माहौल: “ड्रोन उड़ते हैं, और अगली सुबह चोरी हो जाती है!”
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/Qrp_KhULAXQ?si=Iou7vbq7mZcnxnsX
वाहनपुर के ग्राम प्रधान तस्लीम राजा खान और स्थानीय निवासी साबिर खां, सकरदाद खां, मुन्ने खां ने बताया कि पिछले कई दिनों से गांव के ऊपर ड्रोन उड़ते देखे जा रहे हैं। “गांव के लोग रातभर नहीं सो रहे। लाठी-डंडों के साथ निगरानी हो रही है।”यहां के लोगों ने बुधवार रात गांव में दो घरों में हुई चोरी की बात कही। बोले, ड्रोन चोरों ने ही चोरी की है। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने जानकारी न होने की बात कही है।
थानों में रिपोर्ट नहीं, पर पुलिस अलर्ट पर
फरीदपुर क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार ने ‘The Justice Hindi’ को बताया कि ड्रोन की कोई आधिकारिक शिकायत अभी तक थाने में नहीं आई है, लेकिन स्थानीय द्वारकेश शुगर मिल से ड्रोन उड़ने की सूचना जरूर मिली थी। उन्होंने कहा कि “पब्लिक से शिकायत मिलेगी तो पिकेट तैनात की जाएगी।”
ड्रोन और चोरी के कनेक्शन पर क्या बोले DIG मुनिराज जी?
DIG मुरादाबाद मुनिराज ने मीडिया को बताया कि “ड्रोन और चोरी के बीच सीधा संबंध नहीं मिला है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। अफवाहें न फैलाएं।”संभल में मिला एक ड्रोन फोरेंसिक जांच को भेजा गया है। हर थाने में ड्रोन मालिकों की सूची और सत्यापन शुरू किया जाएगा। सोशल मीडिया पर फेक वीडियो डालने से मना किया गया है।
रामपुर में संदिग्ध युवक गिरफ्तार, तीन फरार
ठाकुरद्वारा के भायपुर गांव में ग्रामीणों ने दो दिन पहले रात 11 बजे एक युवक को पकड़ा, जो कॉलेज परिसर के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था। वह उत्तराखंड के जसपुर का रहने वाला निकला। ग्रामीणों को शक है कि उसके पास ड्रोन हो सकता था। तीन साथी भाग निकले।
डर या अफवाह? पुलिस की दो टूक
DIG का साफ कहना है कि अगर किसी के पास ड्रोन है, तो उसे पुलिस के पास रजिस्टर कराना होगा। जिनके पास बिना मंजूरी के ड्रोन पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
