Himachal News: लाहौल-स्पीति में पहाड़ी दरकने से बड़ा हादसा, टैक्सी मलबे में दबी, 13 लोगों की मौत
उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर भूस्खलन की चपेट में आई टैक्सी, छह माह के मासूम समेत 13 लोगों की मौत, दो घायल
शिमला/लाहौल-स्पीति: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी दरकने से कुल्लू से पांगी जा रही टाटा सूमो टैक्सी मलबे में दब गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने हादसे की पुष्टि की है।
सड़क खुलते ही हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। सड़क बहाल होने के बाद टैक्सी पांगी के लिए रवाना हुई, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर वाहन पर गिर पड़ा। देखते ही देखते टैक्सी मलबे में दब गई।
युद्धस्तर पर चला राहत एवं बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, जिला प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया गया। मलबे से दो घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शवों को बाहर निकालने का कार्य पूरा किया गया।
छह माह के मासूम समेत 13 लोगों की मौत
भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि मृतकों में छह माह का एक मासूम शिशु भी शामिल है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने में जुटा है।
मुख्यमंत्री ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद पीड़ादायक घटना है। उन्होंने उपायुक्त लाहौल-स्पीति से फोन पर बात कर घायलों के बेहतर उपचार और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील
लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने लोगों से पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
