मुंबई : दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार कई खबरें और अफवाहें सामने आ रही थीं, जिनके बीच अब उनकी बेटी एशा देओल और उनकी पत्नी हेमा मालिनी ने सफाई दी है।
एशा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर लिखा कि “मीडिया बहुत ज्यादा एक्टिव हो गया है और झूठी खबरें फैला रहा है। मेरे पिता की हालत स्थिर है और वे ठीक हो रहे हैं। आप सभी से रिक्वेस्ट है कि हमारे परिवार को प्राइवेसी दें। पापा के जल्दी ठीक होने के लिए दुआओं के लिए धन्यवाद।”
पिछले कुछ दिनों से धर्मेंद्र की सेहत को लेकर अफवाहें तेज हो गई थीं। बताया गया कि उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। तब से उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। एशा का बयान फैंस के लिए राहत की खबर साबित हुआ है।
वहीं, धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी ने भी मीडिया चैनल को फटकार लगाई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जो हो रहा है वह माफ करने लायक नहीं है। जिम्मेदार चैनल ऐसे इंसान के बारे में झूठी खबरें कैसे फैला सकते हैं, जो इलाज का जवाब दे रहा है। वह ठीक हो रहे हैं। यह बहुत ही अपमानजनक और गैर-जिम्मेदार हरकत है। कृपया परिवार और उनकी प्राइवेसी की जरूरत का सम्मान करें।”
