हरिद्वार/बरेली/बदायूं : उत्तराखंड के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार को हुए भगदड़ हादसे ने कई परिवारों की खुशियाँ छीन लीं। बरेली जिले के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सहोड़ा निवासी प्रवेश कुमार का आठ वर्षीय बेटा आरुष इस दर्दनाक भगदड़ का शिकार हो गया। हादसे में उनकी पत्नी निर्मला और 6 वर्षीय बेटी सौम्या भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह परिवार 25 जुलाई को गंगा स्नान के बाद मनसा देवी मंदिर दर्शन के लिए गया था। मंदिर की चढ़ाई के दौरान सुबह करीब 9 बजे किसी ने भीड़ में “करंट फैलने” की अफवाह फैला दी। जिससे भगदड़ मच गई। आरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निर्मला और सौम्या को प्रवेश कुमार ने बमुश्किल भीड़ से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों में बरेली-बदायूं समेत कई ज़िलों के लोग
इस हादसे में अब तक 6 श्रद्धालुओं की मौत और 35 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, कुछ मीडिया संस्थानों ने 8 श्रद्धालुओं की मौत की बात कही है। मृतकों में बरेली, बदायूं, रामपुर, बिहार और काशीपुर के श्रद्धालु शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। आरुष (8 वर्ष), पुत्र प्रवेश कुमार, सहोड़ा, शीशगढ़ (बरेली), शांति (55 वर्ष), पत्नी रामभरोसे, बदायूं, विक्की (25 वर्ष), पुत्र रिक्का राम सैनी, रामपुर, वकील, पुत्र भरत सिंह, मौहतलवाद, बाराबंकी, विपिन सैनी (18 वर्ष), पुत्र रघुवीर सिंह, काशीपुर, शकल देव, पुत्र बेचान, अररिया, बिहार की मौत होने की बात सामने आई है।
यह हैं घायलों
निर्मला (30) पत्नी प्रवेश कुमार (बरेली), सौम्या (6) पुत्री प्रवेश, दुर्गा देवी (60, दिल्ली), भूपेंद्र (16, बदायूं), शीतल (17, रामपुर), अर्जुन (25, मुरादाबाद), कृति (6, मोतीहारी), अजय (19, बड़ियारपुर), और अन्य।
जानें हादसा की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर की ओर चढ़ाई करते वक्त किसी ने भीड़ में करंट फैलने की आवाज लगाई। जिससे लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई श्रद्धालु सीढ़ियों पर गिर पड़े और उनके ऊपर भीड़ चढ़ती गई। हालांकि, हरिद्वार पुलिस और गढ़वाल कमिश्नर ने करंट की बात को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि यह पूरी तरह भीड़भाड़ की वजह से हुआ हादसा है। घटना के तुरंत बाद पुलिस, SDRF और प्रशासन मौके पर पहुंचे। घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य सेवाओं की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। सीएम पुष्कर धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर शोक जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सीएम धामी ने ट्वीट कर कहा कि वे स्थिति पर निगरानी रख रहे हैं और सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए हैं।
