बाराबंकी/लखनऊ : सावन के तीसरे सोमवार को श्रद्धालुओं से खचाखच भरे अवसानेश्वर मंदिर में एक बड़ा हादसा हो गया। सोमवार सुबह करीब 3 बजे मंदिर के बाहर लगे टीन शेड और लोहे के पाइप में करंट दौड़ गया। जिससे अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 19 अन्य झुलस कर घायल हो गए।
जानें कैसे हुआ हादसा?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक बंदर बिजली के तार पर कूद गया। जिससे तार टूटकर मंदिर परिसर के शेड पर गिर गया। इसके तुरंत बाद करंट फैलने की आशंका से श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। प्रशासन ने बताया कि टीन शेड में करंट दौड़ने से हादसा हुआ। घटना के वक्त मंदिर में भारी भीड़ थी। क्योंकि, सावन सोमवार को श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।
एक मृतक की पहचान, एक की शिनाख्त की कोशिश
इस हादसे में प्रशांत (22 वर्ष) पुत्र राम गोपाल, निवासी मुबारकपुर, थाना लोनीकटरा के रूप में पहचान हुई है। मगर, अज्ञात युवक (25 वर्ष) की शिनाख्त की कोशिश चल रही है। हादसे में रंजीत (26 वर्ष) निवासी मोहदीपुर, पलक (13 वर्ष) निवासी छतौरा कोठी, संध्या (24 वर्ष), निवासी भुलभुलिया कोठी, लक्ष्मी (18 वर्ष) निवासी बिबियापुर घाट, अमन (18 वर्ष), निवासी गढ़ी घोसियामऊ, बैजनाथ (22 वर्ष), निवासी सुबेदारपुरवा, हैदरगढ़ समेत सभी घायलों को त्रिवेदीगंज CHC से जिला अस्पताल और गंभीर मरीजों को लखनऊ या आगरा रेफर किया गया।
मंदिर में स्थिति सामान्य
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। DM एम. शशांक त्रिपाठी और SP अर्पित विजयवर्गीय ने स्थिति को नियंत्रित किया। दर्शन -पूजन दोबारा शुरू हो चुका है। श्रद्धालु कतार में खड़े होकर भगवान शिव के दर्शन कर रहे हैं।
