हापुड़ : यूपी पुलिस ने रविवार देर रात एक मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी गो-तस्कर हसीन को मार गिराया। पुलिस को डायल 112 पर सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर पशुओं को गाड़ी में भरकर ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम एक्टिव हुई और कपूरपुर के सपनावत गांव में संदिग्ध कार की घेराबंदी कर ली।
पुलिस को देखते ही हसीन ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से कुल 8 राउंड गोलियां चलीं। इसी दौरान एक गोली हसीन के सिर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत धौलाना सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
29 वर्षीय हसीन पुत्र इकरार, संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के मैनोटा गांव का रहने वाला था। उसके खिलाफ संभल और आसपास के जिलों में 24 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। हाल ही में उसने मुजफ्फरनगर के शाहपुर में पुलिस टीम पर भी फायरिंग की थी, जिसके बाद पश्चिमी यूपी में उसकी तलाश तेज हो गई थी। हसीन पहले भी हापुड़ क्षेत्र में गोवंश तस्करी के मामलों में शामिल रहा था और पांच महीने पहले दर्ज एक गोकशी FIR के बाद से फरार था।
पुलिस ने मौके से स्विफ्ट डिज़ायर कार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए। बीते 38 दिनों में प्रदेश में मुठभेड़ में ढेर होने वाले बदमाशों की संख्या अब 11 हो चुकी है।
परिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो हसीन की मां सुखिया की मौत के बाद उसके पिता इकरार ने दूसरी शादी की थी। हसीन पांच सगे भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई मोहम्मद हसीब अभी गाजियाबाद की डसना जेल में बंद है, जिसे भी गोकशी के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
हसीन की पत्नी शमीना और उसके पांच बच्चे—आलिया (13), जिलानी (9), आएरा (7), माहेनूर (5) और अलिफ़शा (2)—भी गांव में रहते हैं। परिवार की तीनों बहनों की शादी हो चुकी है।
