अलीगढ़ : बाथरूम में गैस गीजर से निकली गैस की वजह से दम घुटने से 12 साल की बच्ची की मौत हो गई। घटना शिवाजीपुर कॉलोनी की है, जहां हादसे के वक्त बच्ची नहा रही थी।
जानकारी के मुताबिक मृतका मानवी छठवीं कक्षा की छात्रा थी। रविवार दोपहर वह नीचे बाथरूम में नहा रही थी। काफी देर तक बाहर न निकलने पर मां ने आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब मां नीतू नीचे पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो प्लंबर की मदद से दरवाजा तोड़ा गया।
अंदर बच्ची बेहोश पड़ी थी। आनन-फानन में परिजन उसे रामघाट रोड स्थित मैक्स अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि बाथरूम में गैस गीजर ऑन था, जिससे निकलने वाली जहरीली गैस के कारण बच्ची का दम घुट गया। मृतका के पिता देवेंद्र सिंह आर्मी में राजस्थान के जैसलमेर में तैनात हैं, जबकि मां नीतू सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं।
स्थानीय निवासी रोहित शर्मा ने कहा कि “मानवी की मां ने कई बार आवाज दी, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो शक हुआ। दरवाजा तोड़ने पर बच्ची बेहोश मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका।”
मासूम की मौत से मोहल्ले में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि मौत से एक दिन पहले ही मानवी ने अपना जन्मदिन मनाया था। पुलिस ने घटना को हादसा मानते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
