लोहिया जयंती पर सपा प्रमुख का बड़ा बयान, आलू किसानों की बदहाली, महंगाई, निवेश और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ के गोमती नगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में डॉ.राम मनोहर लोहिया की जयंती पर बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
किसानों की बदहाली पर सरकार को घेरा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में आलू किसानों की हालत बेहद खराब है। आगरा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा और एटा जैसे जिलों में किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि हालात इतने खराब हैं कि कई किसानों ने आलू की खुदाई तक नहीं की और ट्रैक्टर से खेत जुतवा दिए। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आलू खरीद के लिए घोषित बजट में से कितना वास्तव में खर्च किया गया।
महंगाई और मुनाफाखोरी पर बड़ा आरोप
सपा प्रमुख ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई के पीछे मुनाफाखोरी और भ्रष्टाचार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि जरूरत से ज्यादा मुनाफा कमाना भी भ्रष्टाचार है, और यही स्थिति आज देखने को मिल रही है।एलपीजी को लेकर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि “लापता गैस” जैसी स्थिति बन गई है और अगर अंतरराष्ट्रीय हालात बिगड़े, तो कीमतें और बढ़ सकती हैं।
निवेश और रोजगार पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार के निवेश दावों को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने पूछा कि कितने एमओयू जमीन पर उतरे?किस औद्योगिक नीति के तहत निवेश आया?। कितने लोगों को रोजगार मिला?। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ प्रचार कर रही है, जबकि हकीकत अलग है।
कानून-व्यवस्था पर भी साधा निशाना
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून -व्यवस्था बिगड़ चुकी है और गोरखपुर, वाराणसी, मथुरा और बदायूं जैसी घटनाएं इसका उदाहरण हैं। आरोप लगाया कि अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है।
लोहिया विचारधारा और समाजवाद पर जोर
उन्होंने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया के समाजवादी विचार ही देश को खुशहाली के रास्ते पर ले जा सकते हैं। उन्होंने भगत सिंह, सुखदेव थापर आदि शहीदों को भी याद किया और उनके योगदान को नमन किया।
जातीय जनगणना पर सरकार को घेरा
सपा अध्यक्ष ने जातीय जनगणना की मांग दोहराते हुए कहा कि सरकार पिछड़ों और दलितों की गिनती से बच रही है। उनका कहना था कि “जिसका जितना हक है, उसे उतना सम्मान मिलना चाहिए।”
छात्रों को लैपटॉप वितरण
इस दौरान उन्होंने मुरादाबाद के एक इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को लैपटॉप भी वितरित किए और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
