बलरामपुर/लखनऊ:श्रीदत्तगंज नगर क्षेत्र के उतरौला मार्ग पर कांदभारी गांव के पास शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवक रामलीला देखकर लौट रहे थे, तभी किसी बड़े वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
चार युवकों की मौके पर मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया। यहां चिकित्सकों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान संजय (25) और अंकित (21) के रूप में हुई, जो सगे भाई थे। इसी तरह सीताराम (22) और गोलू उर्फ संतोष मौर्य (23) भी सगे भाई थे। एक ही परिवार के दो-दो बेटों की मौत से गांव में मातम छा गया।
दो गंभीर रूप से घायल, रेफर
हादसे में वीरेंद्र कुमार मौर्य (24) और दिनेश मौर्य (23) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए वीरेंद्र को लखनऊ और दिनेश को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
बिना हेलमेट सवार थे युवक
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों मोटरसाइकिलों पर तीन-तीन युवक सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। हादसे की वजह किसी बड़े वाहन से हुई टक्कर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने बताया कि हादसे की पूरी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज लिए गए हैं। फिलहाल दोनों घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उनका बयान नहीं लिया जा सका है।
