बरेली: आगामी धनतेरस और दीपावली पर्व को लेकर बरेली पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड पर आ गया है। त्योहारों के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार शाम पुलिस प्रशासन ने शहर के प्रमुख मार्गों पर भव्य फ्लैग मार्च निकाला।
इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व एडीजी रमित कुमार शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी सिटी मानुष पारीक ने किया। पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था और अमन-चैन का संदेश देते हुए शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च किया।
कचहरी रोड से कुतुबखाना तक गूंजा पुलिस का मार्च
फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस लाइन से हुई और यह कचहरी रोड, चौकी चौराहा, स्टेशन रोड, कुतुबखाना, कोहाड़ापीर, किला, बरेली कॉलेज रोड सहित कई संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की और त्योहारों के दौरान शांति और भाईचारे की अपील की।
हर संवेदनशील इलाके पर रहेगी सख्त निगरानी
एडीजी रमित कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है और बाजारों में वर्दी व सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। साथ ही ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहारी भीड़ के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
“हर जवान रहेगा अलर्ट” — एसएसपी अनुराग आर्य
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि त्योहारों के दौरान हर पुलिसकर्मी अलर्ट रहेगा। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम और फील्ड अधिकारियों के बीच लगातार समन्वय बना हुआ है ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
वहीं, एसपी सिटी मानुष पारीक ने कहा कि पुलिस का मकसद जनता में सुरक्षा की भावना जगाना और त्योहारों को खुशहाली व शांति के साथ मनाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
सराफा बाजार में पुलिस का फूलों से स्वागत
फ्लैग मार्च के दौरान आलमगिरीगंज सराफा बाजार में व्यापारियों ने एडीजी, डीआईजी और एसएसपी का फूलों की वर्षा और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन की इस मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की तत्परता से लोग निश्चिंत होकर खरीदारी कर पा रहे हैं।
शहरवासियों ने जताया भरोसा, लिया शांति बनाए रखने का संकल्प
फ्लैग मार्च में पीएसी, ट्रैफिक पुलिस और सभी थानों के पुलिसकर्मी शामिल रहे। इस दौरान शहरवासियों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और दीपावली के मौके पर शांति और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
