नई दिल्ली: संसद क्षेत्र के विशंभर दास रोड स्थित ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। यह वही इलाका है जहाँ कई सांसदों के आवास स्थित हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग अपार्टमेंट की पार्किंग में रखे कबाड़ और कूड़े के ढेर से शुरू हुई, जो कुछ ही मिनटों में सातवीं और आठवीं मंज़िल तक फैल गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीन लोग झुलस गए हैं, जबकि तीन अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।
घटनास्थल की स्थिति
आग लगने के बाद पूरा परिसर धुएं से भर गया। आसपास के लोग और सुरक्षा कर्मी तुरंत बाहर भागे। बताया जा रहा है कि अपार्टमेंट की शुरुआती तीन मंज़िलों में सर्वेंट क्वार्टर हैं, जबकि उसके ऊपर सांसदों के फ्लैट बने हुए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां करीब आधे घंटे की देरी से मौके पर पहुंचीं, जिससे आग और फैल गई।
फायर सिस्टम फेल
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपार्टमेंट में आग बुझाने की जो प्रणाली लगी थी, वह पूरी तरह से फेल रही। पाइपों में पानी नहीं था और फायर अलार्म ने भी काम नहीं किया। इसी वजह से आग तेजी से ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एडीओ भूपेंद्र ने बताया कि दोपहर 1:22 बजे सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत 14 फायर टेंडर, जिनमें टीटीएल गाड़ी भी शामिल थी, मौके पर भेजी गईं। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन दमकलकर्मी पूरी तरह से सर्च ऑपरेशन कर रहे हैं ताकि कोई अंदर फंसा न हो।
स्थानीय निवासी की पीड़ा
ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट के निवासी विनोद ने बताया कि उनकी पत्नी और बच्चा झुलस गए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने कहा मेरी बेटी की शादी कुछ महीनों में है, और हमारे सारे गहने और कपड़े अंदर ही जल गए। मेरा कुत्ता भी अंदर फंसा हुआ है। समझ नहीं आ रहा कि आग कैसे लगी।
