Fatehpur News: मुख्यमंत्री योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- पेपर लीक करने वालों की संपत्ति होगी जब्त
फतेहपुर में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने 2027 चुनाव का दिया संदेश, कानून-व्यवस्था और पेपर लीक पर भी दिखाए सख्त तेवर
फतेहपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फतेहपुर के मदारीपुर कला स्थित मैदान में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विकास को भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का राजनीतिक संदेश भी दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले फतेहपुर आकांक्षी जिलों में शामिल था, लेकिन पिछले नौ वर्षों में जिले की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है।
फतेहपुर की बदली तस्वीर: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले रोजगार, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के मामले में फतेहपुर पिछड़ा हुआ था, लेकिन अब यह आकांक्षी जिलों की सूची से बाहर आ चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकास को शहरों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि गांव-गांव तक पहुंचाया है।
पेपर लीक पर सख्त चेतावनी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और उनकी संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी। साथ ही उन्होंने बताया कि पेपर लीक रोकने के लिए संसद में नया विधेयक भी लाया जाएगा।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में युवाओं की नौकरियों पर डकैती डाली जाती थी और नकल माफिया को संरक्षण मिलता था। उन्होंने कहा कि आज पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को बिना भेदभाव नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।
कानून-व्यवस्था पर दो टूक
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब माफिया और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं बची है। ऐसे लोगों के लिए केवल जेल या जहन्नुम का रास्ता है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने माफिया पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है और अवैध कब्जों पर लगातार कार्रवाई जारी है।
प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया और राष्ट्रीय शिक्षा नीति ने देश के युवाओं को नई पहचान और सम्मान दिलाया है। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि फतेहपुर सदर विधानसभा से भाजपा को और मजबूत जनादेश मिलेगा तो जिले के विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ेगी।
