डिंपल यादव समेत 151 यात्रियों की जान पर बन आई! भगवान ने बचा लिया- यात्रियों की प्रतिक्रिया
लखनऊ : लखनऊ एयरपोर्ट पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-2111 टेकऑफ से ठीक पहले रनवे पर रुक गई। विमान में कुल 151 यात्री सवार थे। जिनमें कन्नौज से सांसद डिंपल यादव भी शामिल थीं। टेकऑफ के दौरान अचानक विमान को पर्याप्त थ्रस्ट नहीं मिला और पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोक दिया। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे और उन्हें दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेज दिया गया।
टेकऑफ से पहले इमरजेंसी ब्रेक
फ्लाइट सुबह 11:10 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली थी। रनवे पर रफ्तार पकड़ते ही यात्रियों ने तेज आवाज सुनी। पायलट ने देखा कि विमान को हवा में उठाने के लिए आवश्यक दबाव नहीं मिल रहा। ऐसे में उन्होंने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को “Abandoning Take Off” की सूचना दी और विमान को रनवे पर ही रोक दिया। इसके बाद विमान को टैक्सी-वे पर खड़ा कर दिया गया।
DGCA ने मांगी रिपोर्ट
घटना के बाद DGCA ने इंडिगो एयरलाइन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। एयरलाइन ने कहा कि तकनीकी कारणों के चलते विमान को रोकना पड़ा, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल तकनीकी खराबी की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना के बाद यात्रियों में दहशत
इस घटना के बाद यात्रियों में डर का माहौल बन गया। एक यात्री ने कहा, “भगवान ने बचा लिया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।” कई यात्री अभी भी इस घटना को लेकर चिंतित हैं।
जानें क्या है Abandoning Take Off ?
एविएशन नियमों के तहत जब टेकऑफ के दौरान विमान में कोई असामान्यता दिखे,जैसे इंजन में खराबी, आवाज या किसी खतरे का संकेत—तो पायलट विमान को तुरंत रोक देते हैं। इसे “Abandoning Take Off” कहा जाता है। पायलट इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
जांच में जुटी टेक्निकल
DGCA द्वारा रिपोर्ट मांगे जाने के बाद एयरलाइन तकनीकी जांच कर रही है। विमान के इंजन, थ्रस्ट सिस्टम और अन्य उपकरणों की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो। एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और यात्रियों की राहत सुनिश्चित की जा रही है।
