बरेली : यूपी के बरेली शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र की महानगर कॉलोनी में एक शर्मनाक घटना ने सनसनी फैला दी। इंग्लैंड में नौकरी करने वाली इंजीनियर सीमा वर्मा पर पड़ोसी डॉक्टर और उसकी पत्नी द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि पड़ोसी डॉक्टर ने न सिर्फ छेड़छाड़ की, बल्कि बहन पर भी गंदी नजर रखता है। मामला पुलिस तक पहुंच चुका है, और जांच शुरू कर दी गई है।
जानें क्या है पूरा मामला?
सीमा वर्मा इंग्लैंड में कार्यरत हैं, और फिलहाल अपने घर का निर्माण कार्य देख रही हैं। वह घर के बाहर कुत्तों को बिस्किट खिला रही थीं। आरोप है कि तभी पड़ोसी डॉ. विवेक गुप्ता भड़क उठे और सीमा का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया। जब सीमा ने शोर मचाया तो डॉक्टर और उनकी पत्नी ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें सीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
कॉलोनीवासियों की प्रतिक्रिया?
स्थानीय लोगों का कहना है कि डॉक्टर को कुत्तों से चिढ़ है, और कोई भी उन्हें खाना खिलाता है, तो वह झगड़ा कर बैठते हैं। वहीं, सीमा ने आरोप लगाया कि पड़ोसी डॉक्टर आए दिन उस पर और उसकी बहन पर अश्लील कमेंट करते हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने डायल 112 पर फोन किया लेकिन पुलिस देर से पहुँची। बाद में सीमा ने इज्जतनगर थाने में आरोपी डॉक्टर और उनकी पत्नी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कॉलोनी में तनाव का माहौल है और लोग कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
