नई दिल्ली/लखनऊ : आज संसद भवन परिसर में आज़ाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने केंद्र सरकार को घेरते हुए पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की पुरज़ोर मांग की। उन्होंने कहा कि “ये कर्मचारी वही हैं,जिन्होंने अपने जीवन का सबसे सुनहरा समय देश की सेवा में लगा दिया। अब सरकार उन्हें बाजार आधारित ‘शेयर बाजार’ वाली नई पेंशन स्कीम (NPS) का झुनझुना पकड़ा रही है।”
सांसद आज़ाद ने संसद परिसर से उठाई यह मुख्य माँग
उन्होंने कहा कि नई पेंशन योजना (NPS) को समाप्त किया जाए, और OPS को बहाल किया जाए। बोले, जो राज्य OPS लागू करना चाहते हैं, उन्हें केंद्र का पूर्ण सहयोग मिले। वृद्धावस्था की सामाजिक सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय नीति लाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि “NPS शेयर बाजार का खेल है, जबकि OPS में राज्य की गारंटी होती है। क्या एक कर्मचारी को अपने भविष्य की सुरक्षा शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव पर छोड़ देना न्याय है?”। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 21 (जीवन और गरिमा का अधिकार) और अनुच्छेद 41 (राज्य वृद्धावस्था में सहायता करेगा) का हवाला देते हुए कहा कि OPS का समाप्त किया जाना संवैधानिक मूल्यों के भी खिलाफ है।
चार राज्यों में पहले से बहाल हो चुकी है OPS
उन्होंने कहा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश में लागू हो चुकी है, तो सवाल है, केंद्र सरकार चुप क्यों है? चंद्रशेखर आज़ाद का पैग़ाम है कि यह सिर्फ आर्थिक मुद्दा नहीं, यह बुज़ुर्ग कर्मचारियों की इज्ज़त और सामाजिक सुरक्षा का सवाल है।
