दिल्ली : गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब राजधानी के तीन नामी स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं और स्कूल परिसरों को तत्काल खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। यह जानकारी दिल्ली फायर सर्विस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। धमकी मिलने वाले स्कूलों में द्वारका स्थित सीआरपीएफ पब्लिक स्कूल, गोयला डेयरी क्षेत्र का सेंट थॉमस स्कूल और पश्चिम एन्क्लेव स्थित डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल शामिल हैं।
अलर्ट मिलते ही स्कूल खाली, बम निरोधक दस्ता तैनात
अधिकारियों के मुताबिक, अलर्ट मिलते ही स्कूलों में पुलिस टीम, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर सर्विस की टीमें पहुंच गईं। एहतियातन स्कूल प्रबंधन ने छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूरे परिसर की चप्पे-चप्पे से तलाशी ली गई और किसी भी संदिग्ध वस्तु की जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, लेकिन पूरी तरह से संतुष्ट होने के लिए विस्तृत सैनेटाइजेशन चेक किया गया।
साइबर टीम एक्टिव, ई-मेल भेजने वाले की तलाश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीमों को भी अलर्ट कर दिया गया है। ई-मेल के स्रोत और उसकी सत्यता का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह भी जांच की जा रही है कि क्या इसी तरह की धमकी अन्य स्कूलों या संस्थानों को भी भेजी गई है। हाल के हफ्तों में इस तरह की फर्जी धमकियों के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।
तलाशी के बाद बम की सूचना फर्जी, बच्चों को मिली राहत
कई घंटों की सघन तलाशी के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तीनों स्कूलों में बम की सूचना पूरी तरह फर्जी निकली। दमकल विभाग और दिल्ली पुलिस के अनुसार, किसी भी स्कूल परिसर से कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। पुलिस ने बताया कि ई-मेल के जरिए बम धमकी भेजी गई थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। बच्चों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली, जबकि पुलिस अब धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
