दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे हादसा: CCTV में कैद हुआ दर्दनाक एक्सीडेंट, 300 मीटर तक घिसटी टियागो कार
स्कार्पियो की तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, चार लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने बनाई जांच समिति
सहारनपुर : दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि स्कार्पियो की टक्कर लगने के बाद टियागो कार करीब 300 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसा इतना भीषण था कि कार दो बार डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित कर दी है।
पीछे करते समय हुई भीषण टक्कर
जानकारी के अनुसार सोनीपत के मंढोरा गांव के दो परिवार अलग-अलग कारों से हरिद्वार जा रहे थे। रामपुर मनिहारान क्षेत्र के हलगोया कट पर टियागो चालक जयदेव अपनी कार को पीछे कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और एनएचएआई पेट्रोलिंग कर्मियों के अनुसार, इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार स्कार्पियो ने टियागो में जोरदार टक्कर मार दी।
CCTV में कैद हुआ हादसा
एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में हादसे की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। वीडियो में टक्कर के बाद टियागो कार करीब 300 मीटर तक घिसटती हुई दिखाई दे रही है। वहीं स्कार्पियो भी नियंत्रण खोकर पलट गई। दोनों वाहनों की क्षति से टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
चार लोगों की दम घुटने से मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार हादसे में मृत प्रवीण, उनकी पत्नी प्रीति, सुदेश और शिवांश की पसलियां गंभीर रूप से टूट गई थीं। पसलियों के टूटने से फेफड़ों और श्वसन तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंचा, जिसके कारण दम घुटने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जांच का हिस्सा बना लिया है।
जांच के लिए बनी उच्च स्तरीय समिति
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने हादसे की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति दुर्घटना के कारणों, सड़क सुरक्षा व्यवस्था, कट की स्थिति और संभावित ब्लैक स्पॉट सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
घायल चालक पुलिस निगरानी में
पुलिस के अनुसार स्कार्पियो चालक प्रवीण का इलाज एसबीडी जिला अस्पताल में चल रहा है। वह पुलिस निगरानी में है। वहीं हादसे के बाद मृतकों का पोस्टमार्टम परिजनों के अनुरोध पर शुक्रवार रात ही कराया गया, जिसके बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए सोनीपत भेज दिया गया।
