हाथरस को 550 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, सपा-कांग्रेस पर बरसे सीएम योगी
मेडिकल कॉलेज, सड़क, फ्लाईओवर और रोजगार परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना
हाथरस : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस दौरे के दौरान करीब 550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि जिले के तीनों विधायकों द्वारा भेजे गए सड़क, फ्लाईओवर और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर सरकार तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस मेडिकल कॉलेज की समस्याओं के समाधान और सिकंदराराऊ बस स्टैंड के विकास के लिए भी आवश्यक प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
औद्योगिक विकास से युवाओं को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस का औद्योगिक क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है, जिससे हाथरस, कासगंज, एटा और आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि सरकार सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित कर रही है, जहां युवाओं को स्किल ट्रेनिंग के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
किसानों और स्थानीय उत्पादों पर सरकार का फोकस
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाथरस की हींग और गुड़ ने जिले को नई पहचान दिलाई है। सरकार कृषि और उद्योग दोनों क्षेत्रों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि आलू किसानों की समस्याओं के समाधान और उनकी आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दल हमेशा जनता को गुमराह करते रहे हैं। उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान का सबसे बड़ा अपमान कांग्रेस ने किया था। योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी आज उसी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर मुलायम सिंह यादव की राजनीतिक विरासत का अपमान कर रही है।
अयोध्या और मथुरा को लेकर विपक्ष पर सवाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अयोध्या को रामभक्तों ने संवारा है और यदि धार्मिक स्थलों की चिंता है तो मथुरा और वृंदावन के विकास पर भी खुलकर बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कानून व्यवस्था और विकास का दावा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में व्यापारी, किसान और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस करते थे, लेकिन उनकी सरकार ने माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश आज माफिया मुक्त होकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है।
हाथरस में 22 मंदिरों का होगा सुंदरीकरण
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हाथरस जिले में 22 से अधिक मंदिरों का सुंदरीकरण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है और धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है।
