सोनम वांगचुक ने अनशन जारी रखने का किया ऐलान, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा और उपद्रवियों की पहचान शुरू की
नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन एक बार फिर शुरू हो गया है। सोमवार को हुए बवाल और पुलिस कार्रवाई के बाद देर रात प्रदर्शनकारी दोबारा जंतर-मंतर पहुंच गए। मंगलवार सुबह से मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और संसद मार्च को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस मामले में पांच एफआईआर दर्ज की गई हैं।
अभिजीत दीपके बोले- अब सरकार को जंतर-मंतर आना होगा
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि अब सरकार से कोई बातचीत नहीं होगी। यदि किसी को बात करनी है तो उसे जंतर-मंतर आना होगा। हालांकि, इससे पहले पार्टी प्रतिनिधियों ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की थी।
सोनम वांगचुक ने अनशन जारी रखने का किया ऐलान
सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने कहा कि जब तक युवा प्रतिनिधियों को सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं मिलती या उन्हें स्वयं सांसदों से मिलने नहीं दिया जाता, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा। स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार उनके जरूरी स्वास्थ्य मानक फिलहाल स्थिर हैं, हालांकि ब्लड शुगर का स्तर कम बना हुआ है।
हिंसा और तोड़फोड़ पर पुलिस का एक्शन
दिल्ली पुलिस ने संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा, पथराव और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब तक इस मामले में पांच प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है।
70 लोग हिरासत में, 118 से अधिक सुरक्षाकर्मी घायल
पुलिस के अनुसार हिंसा के बाद 70 लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रदर्शन के दौरान भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों सहित 118 से अधिक पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के जवान घायल हुए। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल भी जाना।
संसद मार्ग पर सुरक्षा कड़ी, सीमाओं पर भी निगरानी
जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति होने के बावजूद संसद भवन की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली-गाजियाबाद सीमा सहित विभिन्न प्रवेश मार्गों पर पुलिस वाहनों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
