जंतर-मंतर की घटना के विरोध में डीएम कार्यालय पहुंचा युवक पुलिस और एलआईयू ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला, पूछताछ जारी
बरेली : यूपी के बरेली डीएम ऑफिस कैंपस के मुख्य द्वार पर मंगलवार को उस समय हलचल मच गई, जब एक युवक हाथ में “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “जय हिंद” और “जय भारत” लिखा पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन करने पहुंच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान सचिन यादव निवासी ग्राम जौहरपुर, थाना सीबीगंज के रूप में हुई है।
ऑटो डाइवर ने उठाया कदम
बताया जाता है कि वह इंटरमीडिएट तक शिक्षित है और वर्तमान में झुमका चौराहे से बरेली रेलवे स्टेशन के बीच इलेक्ट्रिक ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। युवक विवाहित है। प्रारंभिक पूछताछ में सचिन यादव ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई घटना के विरोध में अपनी नाराजगी दर्ज कराने के लिए डीएम कार्यालय पहुंचा था। उसके हाथ में मौजूद पोस्टर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग लिखी हुई थी।घटना की जानकारी मिलते ही एलआईयू के अधिकारी अमित कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को दी।
युवक को समझाकर किया शांत
इसके बाद अधिकारियों ने युवक को समझाकर शांत कराया और नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय ले जाकर उससे विस्तृत पूछताछ की। बाद में कोतवाली पुलिस उसे आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि युवक ने विरोध प्रदर्शन किस उद्देश्य से किया और क्या इसके पीछे किसी संगठन या अन्य व्यक्ति की भूमिका है। फिलहाल जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद कुछ देर के लिए डीएम कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
