छात्र राजनीति से बार तक का सफर, दीप्ती सक्सेना को कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी
बरेली : यूपी के बरेली बार एसोसिएशन के सचिव पद के लिए हुए उपचुनाव में दीपक पांडे ने बेहद करीबी मुकाबले में गौरव राठौर को 21 वोटों से हराकर जीत दर्ज की, तो वहीं दीप्ती सक्सेना को कार्यकारिणी सदस्य पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। जैसे ही मतगणना पूरी हुई, बार परिसर तालियों, नारों और पटाखों की गूंज से भर गया। समर्थकों ने दीपक पांडे को माला पहनाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया।
चुनाव और वोटिंग में दिखा जोश
बरेली बार एसोसिएशन में कुल अधिवक्ता 2,378 मतदाता थे। मगर, इसमें मतदान करने वाले 1,908 (~80%) ने मतदान किया। छह बूथों पर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई। बुधवार को दोपहर 12 बजे से मतगणना शुरू हुई। हर राउंड में दीपक बनाम गौरव के बीच कांटे का टकराव हुआ। छठे राउंड में निर्णायक बढ़त बना कर दीपक पांडे विजयी घोषित हुए।
छात्र नेता से अधिवक्ता नेता तक का सफर
दीपक पांडे बरेली कॉलेज छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं। लंबे समय से बार की राजनीति में सक्रिय थे। संघर्षशील और मिलनसार छवि के कारण युवाओं में खासा लोकप्रिय हैं। चुनाव में उन्हें युवाओं का जबरदस्त समर्थन मिला। पूरे चुनाव की प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में हुई।
इस दौरान यह थे मैदान में
बरेली बार एसोसिएशन के चुनाव में सचिव पद के लिए कुल 13 उम्मीदवार थे। इसमें दीपक पांडे, गौरव राठौर, आंगन सिंह, अंतरिक्ष, डीडी पांडे, प्रदीप यादव, सुनील वर्मा, नजमा, राकेश श्री, प्रदीप सक्सेना, शशिकांत तिवारी, जितेंद्र यादव, विनोद यादव थे। कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए दीप्ती सक्सेना और लोकनाथ चुनाव मैदान में थे।
