सपा प्रमुख बोले – हार की हताशा बिगाड़ रही भाषा, हम गोद लेते हैं तो निभाते भी हैं..
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने असमय बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई जिलों मैनपुरी, कन्नौज, बाराबंकी, सीतापुर,हाथरस, अयोध्या, मेरठ, पीलीभीत, मथुरा, हरदोई, सोनभद्र और श्रावस्ती में गेहूं, सरसों समेत अन्य फसलें चौपट हो गई हैं।
सरकार ने नहीं दी कोई मदद,किसान परेशान
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि फसल बर्बाद होने के बावजूद किसानों को अभी तक न मुआवजा मिला है और न ही कोई ठोस मदद। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्री सिर्फ हवाई सर्वे कर रहे हैं, जबकि किसान दाने-दाने के लिए परेशान है।
खरीद और कीमत को लेकर भी उठाए सवाल
सपा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के गेहूं की खरीद नहीं हो रही और फसल की सही कीमत भी नहीं मिल रही। बढ़ती लागत और मौसम की मार से किसान आर्थिक संकट में है।
हार की हताशा बिगाड़ रही भाषा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक विरोधियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “हार की हताशा भाषा बिगाड़ देती है।” उन्होंने बिना नाम लिए विरोधी नेता पर अपमानजनक भाषा इस्तेमाल करने और समाज को बांटने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ लोग सत्ता के लालच में समाज और सनातन मूल्यों का अपमान कर रहे हैं, लेकिन जनता सब देख रही है। उन्होंने दावा किया कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज ऐसे बयानों को माफ नहीं करेगा और राजनीतिक जवाब देगा।
हम गोद लेते हैं तो निभाते भी हैं-अखिलेश यादव का सियासी तंज
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक बार फिर अपने बयान से राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। उन्होंने कहा, “हम गोद लेते हैं तो निभाते भी हैं, अनाथ नहीं बनाते,” और इशारों -इशारों में विरोधियों पर निशाना साधा। अखिलेश ने आगे कहा कि उन्होंने हमेशा उत्तर प्रदेश को परिवार माना है और परिवार की जिम्मेदारी निभाई है। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिनकी सोच सीमित होती है, उनके बयान भी संकीर्ण होते हैं।
2027 चुनाव का भी किया जिक्र
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील नहीं है और किसान 2027 में इसका जवाब देंगे। कन्नौज में ट्रक हादसे में हुई मौतों पर दुख जताते हुए सपा ने मृतकों के परिजनों को 1-1 लाख रुपये देने की घोषणा की है और सरकार से 10-10 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है।
आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि
सपा प्रमुख ने मशहूर गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनके गीत हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।
