प्लेटफॉर्म पर गश खाकर गिरे, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बरेली : उत्तर रेलवे के बरेली जंक्शन पर रविवार दोपहर एक सब -इंस्पेक्टर की हार्ट अटैक से अचानक मौत हो गई। जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जीआरपी ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मृतक की पहचान 54 वर्षीय शरद कुमार उपाध्याय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बदायूं रोड की ग्रीन वैली निवासी थे, और वर्तमान में मुरादाबाद जनपद के थाना डिलारी में तैनात थे। वह प्रयागराज से सीए दाखिल कर लौटकर बरेली जंक्शन पहुंचे थे। हालांकि, वह मैनपुरी जिले के रहने वाले हैं।
प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर अचानक बिगड़ी तबीयत
इंस्पेक्टर जीआरपी सुशील कुमार वर्मा ने The Justice Hindi को।बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह गश खाकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। मगर, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम, पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी
घटना की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उनका रात में ही पोस्टमार्टम किया जा रहा है। मृतक के दो बेटे और दो बेटियां हैं। बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं।
