सोनभद्र : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सोनभद्र पहुंचे, जहां उन्होंने चोपन के रेलवे मैदान में आदिवासी महानायक बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस मौके पर सीएम योगी ने 548 करोड़ रुपए की 432 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “सोनभद्र से लगे बिहार की जनता ने जो जनादेश दिया है, उससे साबित होता है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास और सुशासन के लिए लगातार काम कर रही है।”
सीएम ने कहा कि यूपी और बिहार का रिश्ता उतना ही अटूट है, जितना भगवान श्रीराम और माता जानकी का। उन्होंने आदिवासी महानायक बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि “धरती आबा बिरसा मुंडा के प्रति हमारी श्रद्धा अटूट है। उनका दिया ‘अपवा देश-अपवा राज’ का संदेश आज भी हमें प्रेरित करता है।”
सीएम योगी ने कहा कि आज जनजातीय समाज तेजी से राष्ट्र के विकास में योगदान दे रहा है। “125 वर्ष पहले जब साधन-संसाधन कम थे, तब भी आदिवासी समाज स्वतंत्रता आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभा रहा था।”
समारोह में सांस्कृतिक रंग
कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश और सोनभद्र के कलाकारों ने आदिवासी लोकनृत्य करमा की शानदार प्रस्तुति दी, जिसने लोगों का मन मोह लिया। मंच पर सीएम ने आदिवासी सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और फिर जिले की विकास एवं पर्यटन पुस्तिका का विमोचन भी किया।
इसके बाद वे रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज में निवेशकों और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
