बरेली: यूपी के बरेली में कांवड़ यात्रा के दौरान थाने के सामने खुलेआम बवाल और तोड़फोड़ की घटना की बात सामने आई है। देहात के भुता थाना क्षेत्र में कार से हल्की सी साइड लगने पर कांवड़ियों ने हंगामा खड़ा कर दिया। बताया जाता है कि ईंट-पत्थरों से कार के शीशे तोड़ दिए गए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इंस्पेक्टर भूता वीरेंद्र कुमार सिंह ने “The Justice Hindi” को बताया कि 19 जुलाई को कांवड़ियों का जत्था जल लेकर आ रहा था। यह जत्था पीलीभीत के बीसलपुर का था। इसी दौरान रास्ते में एक कांवड़िए के कार लग गई। इसमें कांवड़िए का मोबाइल गिरकर टूट गया। इसको लेकर दोनों के बीच कहासूनी हो गई। किसी ने कार में पत्थर मार दिया। मगर, दोनों के बीच फैसला हो गया। किसी ने थाने में शिकायत नहीं की है। मौखिक रूप से समझौता हो गया है। यह दोनों पक्ष बीसलपुर के ही हैं, और ब्राह्मण जाति के हैं।
जानें पूरा मामला

बताया जाता है कि महंत राजीव के नेतृत्व में कांवड़ियों का एक जत्था कछला घाट से जल लेकर बिलसंडा शिव मंदिर जा रहा था। रास्ते में भुता के पास कमुआ गांव के नजदीक कार ने एक कांवड़िए को हल्की टक्कर मार दी। जिससे उसका मोबाइल फोन टूट गया। बस फिर क्या था। कांवड़िए भड़क उठे। भुता थाने के सामने कार को घेरकर तोड़फोड़ की गई। जिसमें महिलाएं रोकने का प्रयास करती रहीं लेकिन कोई असर नहीं हुआ।
ड्राइवर की हालत बिगड़ने का आरोप
मारपीट और तनाव के चलते कार चालक की तबीयत बिगड़ गई। जिसे पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से कोई लिखित शिकायत नहीं आई है, लेकिन वीडियो सबूतों की जांच की जा रही है।
स्कूल से लौटते दो भाइयों पर हमला, FIR दर्ज
बरेली शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में स्कूल से लौटते दो छात्रों पर बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया। श्याम कॉलोनी, गली नंबर-18 के निवासी दो भाइयों ने बताया कि 18 जुलाई को स्कूल से लौटते वक्त संजीव, अनुज ठाकुर सोनू, दीपक, अरुण और राहुल ने उन्हें रास्ते में घेरकर पीटा और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित छात्र ने बताया कि ये आरोपी अक्सर उनके घर के पास नशे में गाली-गलौज करते थे और विरोध करने पर उन्होंने बदला लिया। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
