ग्रेटर नोएडा : थाना दादरी क्षेत्र में लुहारली टोल प्लाजा पर दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां टोल टैक्स मांगने पर कुछ वाहन सवारों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। यह पूरी घटना बीती देर रात लगभग 7:45 बजे की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात कुछ वाहन सवार टोल प्लाजा पर पहुंचे और लगातार हूटर बजाते हुए बूम बैरियर तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि 12 से अधिक वाहन बिना टोल टैक्स दिए जबरन टोल पार कर गए। जब टोल कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो वाहन सवारों ने दबंगई दिखाते हुए कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इस दौरान टोलकर्मी लोकमान सिंह, जो खुर्जा के रहने वाले हैं, ने बताया कि जब उन्होंने वाहनों को रोककर टोल शुल्क की मांग की तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आरोपियों ने उन्हें जान बचाकर भागते हुए करीब एक किलोमीटर तक पीछा किया और फिर उन्हें गिराकर ईंट-पत्थरों से बुरी तरह पीटा।
इस हमले में लोकमान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें बेहोशी की हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद अन्य कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया है, और पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 10 जून को भी इसी लुहारली टोल प्लाजा पर टोल न देने को लेकर विवाद और मारपीट की घटना सामने आई थी। उस मामले में भी थाना दादरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया था और जांच के दौरान दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया था, साथ ही चार वाहन भी जब्त किए गए थे।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने टोल प्लाजा की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन अब इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गया है।
