बुलंदशहर/लखनऊ: यूपी के बुलंदशहर जिले के थाना औरंगाबाद क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव दौलताबाद में एक युवक संजय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि संजय ने दो संदिग्ध युवकों को टोका था। इसके बाद उनमें से एक ने पिस्टल निकालकर संजय पर गोली चला दी। संजय अपने दोस्त जितेंद्र के साथ घर लौट रहा था, तभी रास्ते में दो युवक संदिग्ध गतिविधि करते मिले। जब संजय ने टोका, तो एक युवक ने 315 बोर की पिस्तौल से उस पर गोली चला दी। संजय को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच और मौके से बरामदगी
पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और 315 बोर का खोखा कारतूस बरामद किया है। मृतक का शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने कहा, “हत्या की जांच तेज़ी से चल रही है। चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं।” सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और चश्मदीदों से पूछताछ जारी है।
गाजियाबाद में रहता है परिवार
संजय की पत्नी और बच्चे गाजियाबाद में रहते हैं, जबकि वह खुद अपनी मां के साथ दौलताबाद गांव में रहता था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
