नई दिल्ली : बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान को आखिरकार वह सम्मान मिल ही गया। जिसका फैंस सालों से इंतज़ार कर रहे थे। फिल्म ‘जवान’ में दमदार अभिनय के लिए उन्हें ‘सर्वश्रेष्ठ अभिनेता’ का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। यह उनके करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड है। उन्होंने यह अवॉर्ड विक्रांत मैसी (फिल्म ’12वीं फेल’) के साथ साझा किया।
शाहरुख का वीडियो: प्यार, मस्ती और फ्रैक्चर
शाहरुख ने अपने ही अंदाज़ में एक मज़ेदार लेकिन भावुक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में वे कहते हैं कि “मैं अपनी बांहें फैलाना चाहता हूं, पर कर नहीं सकता… हाथ में चोट है।”उन्होंने डायरेक्टर एटली, राइटर्स, फैंस और भारत सरकार का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि यह अवॉर्ड केवल काम का नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी का प्रतीक है, पर उनके हाथ में बंधी पट्टी और फ्रैक्चर देखकर फैंस चौंक गए। कॉमेंट सेक्शन में लोग उनकी सेहत के लिए दुआ करते नज़र आए।
“जवान’ में डबल रोल ने दिल जीत लिया
निर्देशक एटली की फिल्म ‘जवान’ में शाहरुख ने विक्रम राठौर (सैन्य अफसर) और आज़ाद (जेलर बेटा) की दोहरी भूमिकाएं निभाईं। आशुतोष गोवारिकर की अगुवाई वाली जूरी ने कहा “शाहरुख ने इमोशंस और एक्शन का जो संतुलन दिखाया, वो लाजवाब है। उन्होंने नायक को सिर्फ एक हीरो नहीं, बल्कि सामाजिक बुराइयों से लड़ने वाला योद्धा बना दिया।”
‘स्वदेश’ के निर्देशक भी हुए भावुक
‘स्वदेश’ में शाहरुख के साथ काम कर चुके आशुतोष गोवारिकर ने कहा “इतने लंबे करियर के बाद शाहरुख को यह पुरस्कार मिलना ऐतिहासिक है। भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सितारे को यह सम्मान मिलना एक प्रेरणा है।”नेशनल अवॉर्ड ने साबित किया है कि शाहरुख खान सिर्फ सुपरस्टार नहीं, एक संजीदा अभिनेता भी हैं। मगर, अब देखना है कि वो अगली बार कौन सा किरदार लेकर स्क्रीन पर ‘बांहें फैलाने’ वापस लौटते हैं!
