बरेली: एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत थाना बारादरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेक्टर धनंजय पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 57 ग्राम स्मैक के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
भारत पेट्रोल पंप के पास पुलिस ने पकड़ा तस्कर वसीम
बारादरी थाना क्षेत्र में सैटेलाइट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनय बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। जब पुलिस टीम भारत पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तो एक युवक पुलिस को देखकर झाड़ियों की ओर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में युवक की पहचान वसीम निवासी चठिया जगन्नाथ अटामाण्डा, थाना भोजीपुरा के रूप में हुई।
57 ग्राम स्मैक बरामद, NDPS एक्ट में केस दर्ज
तलाशी के दौरान वसीम के पास से 57 ग्राम स्मैक बरामद की गई। बरामद स्मैक की कीमत लगभग 5.70 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/21 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में कबूला अपराध, स्पोर्ट्स बाइक के लिए बना तस्कर
पूछताछ के दौरान वसीम ने खुलासा किया कि वह फतेहगंज पूर्वी से स्मैक खरीदकर सैटेलाइट बस अड्डे और आसपास के इलाकों में बेचता था। आरोपी ने बताया कि तेज मुनाफा कमाने और स्पोर्ट्स बाइक खरीदने की चाह में उसने यह रास्ता चुना, क्योंकि उसका परिवार उसकी मांगें पूरी नहीं कर पा रहा था।
पुलिस टीम की सराहना, अभियान आगे भी जारी रहेगा
इस सफल कार्रवाई में थाना बारादरी के स्पेक्टर धनंजय पांडेय और उपनिरीक्षक विनय बहादुर सिंह की टीम का अहम योगदान रहा। एसएसपी अनुराग आर्य ने टीम को बधाई दी और कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी और सख्ती से जारी रहेगा।
बरेली पुलिस बनी अपराधियों का खौफ
स्पेक्टर धनंजय पांडेय के नेतृत्व में बारादरी पुलिस ने एक बार फिर यह साबित किया है कि बरेली पुलिस अपराधियों के लिए सबसे बड़ा खौफ बनी हुई है। त्वरित कार्रवाई और टीम की सजगता ने बरेली पुलिस की छवि को और मजबूत किया है।
