बरेली : शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के शाहाबाद चौकी के पास स्थित विभूतिनाथ मंदिर के गेट पर मांस के टुकड़े फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और देखते ही देखते मंदिर के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस मामले की जानकारी के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।फुटेज में एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि कैद होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों ने संदिग्ध युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची प्रेमनगर पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मंदिर के गेट पर मांस के टुकड़े फेंकने के पीछे आरोपी का मकसद क्या था और क्या इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। प्रेमनगर इंस्पेक्टर ने मीडिया को बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है और कानूनी कार्रवाई के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। घटना को देखते हुए इलाके में पुलिस सतर्क है और मामले की जांच जारी है।
