बरेली : जिले में सोमवार को महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों और गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। विकास भवन में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। वहीं, डीएम अविनाश सिंह ने बहेड़ी तहसील के गन्ना किसानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और केसर चीनी मिल की नीलामी को लेकर अधिकारियों को अहम निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिला सम्मान

बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों के लिए अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित सम्मान समारोह एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का बरेली में भी सीधा प्रसारण किया गया। विकास भवन सभागार में सांसद छत्रपाल गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, डीएम अविनाश सिंह, सीडीओ देवयानी समेत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और लाभार्थियों ने कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना।
सांसद छत्रपाल बोले – दायित्वों का करें निर्वहन

इस अवसर पर सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महत्वपूर्ण कड़ी हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश में आंगनबाड़ी केंद्रों को स्मार्ट बनाया जा रहा है और सरकार कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र तथा बच्चों के लिए पोषण पोटली वितरित की।
केसर चीनी मिल की नीलामी को लेकर डीएम ने की बैठक
इसके अलावा डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में तहसील बहेड़ी के गन्ना किसानों के साथ बैठक आयोजित की गई। डीएम ने किसानों की समस्याओं और अपेक्षाओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में किसानों ने मांग रखी कि केसर चीनी मिल की नीलामी के बाद गन्ना मूल्य का भुगतान होने तक बच्चों की स्कूल फीस और बैंकों की ऋण किस्तों में राहत दी जाए।
फिर होगी केसर शुगर मिल की नीलामी

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केसर चीनी मिल की पुनः नीलामी में बेहतर मूल्य प्राप्त करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जाए। इसके लिए पम्फलेट वितरण, समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से प्रचार करने के साथ जनपद के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर होर्डिंग लगाने की योजना बनाई गई है। नीलामी का प्रचार प्रदेश के बाहर भी कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक इच्छुक लोग प्रक्रिया में शामिल हो सकें। डीएम ने किसानों से भी चीनी मिल की नीलामी का अधिक से अधिक प्रचार करने की अपील की। साथ ही मिल परिसर के आसपास साफ-सफाई और पेड़ों की छंटाई कराने के निर्देश दिए गए। जिससे नीलामी में रुचि रखने वाले लोग परिसर और भूमि की उपयोगिता को बेहतर तरीके से देख सकें।
किसानों ने रखी ये मांग
बैठक में किसानों ने यह भी मांग उठाई कि बहेड़ी शुगर मिल क्षेत्र का गन्ना किन-किन चीनी मिलों को भेजा जाएगा। इसकी कार्ययोजना पहले से तैयार की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह, एसडीएम बहेड़ी गोपाल शर्मा सहित संबंधित अधिकारी और किसान मौजूद रहे।
