बारादरी के लक्ष्मी नगर में 400 केवीए ट्रांसफार्मर को बनाया निशाना, नीचे खुला मिला वाल्व करीब 40 हजार रुपये का बताया जा रहा नुकसान, अवर अभियंता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में चोरों ने बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर को निशाना बनाकर करीब 450 लीटर तेल चोरी कर लिया। चोरों ने रात के समय ट्रांसफार्मर का वाल्व खोलकर उसमें भरा तेल निकाल लिया और मौके से फरार हो गए। घटना का पता अगले दिन उस समय चला, जब बिजली विभाग की टीम दूसरे ट्रांसफार्मर में आई खराबी को देखने मौके पर पहुंची। चोरी हुए तेल की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
लक्ष्मी नगर में 400 केवीए ट्रांसफार्मर से चोरी
यह मामला बारादरी क्षेत्र के लक्ष्मी नगर में बगिया के सामने का है। यहां बिजली विभाग का 400 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। बताया गया कि अज्ञात चोरों ने ट्रांसफार्मर को निशाना बनाया चोरों ने ट्रांसफार्मर के निचले हिस्से में लगे वाल्व को खोलकर उसमें मौजूद तेल निकाल लिया। चोरी के दौरान चोरों ने ट्रांसफार्मर के अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया या नहीं, इसकी भी विभागीय स्तर पर जांच की गई।
दूसरे ट्रांसफार्मर में खराबी के बाद खुला राज
ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने की जानकारी तत्काल बिजली विभाग को नहीं हो सकी। अगले दिन पास में रखे 630 केवीए ट्रांसफार्मर के 11 केवी डीओ कटने की सूचना मिली। इसके बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कर्मचारियों की नजर पास में लगे 400 केवीए ट्रांसफार्मर पर पड़ी। जब कर्मचारियों ने उसे देखा तो ट्रांसफार्मर के नीचे लगा वाल्व खुला हुआ मिला। इसके बाद विभागीय टीम ने ट्रांसफार्मर के तेल की जांच की तो बड़ी मात्रा में तेल गायब मिला।
वाल्व खोलकर निकाला करीब 450 लीटर तेल
जांच में करीब 450 लीटर तेल कम पाया गया। इससे आशंका जताई गई कि चोरों ने रात के अंधेरे में सुनसान इलाके का फायदा उठाते हुए ट्रांसफार्मर का वाल्व खोला और तेल निकालकर ले गए। बिजली विभाग के अनुसार चोरी हुए तेल की कीमत करीब 40 हजार रुपये है।ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने की घटना सामने आने के बाद विभागीय कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया।
अवर अभियंता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
इस मामले में बिजली विभाग के अवर अभियंता रामदेव वर्मा ने बारादरी थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल सकती है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना की रात इलाके में कौन-कौन लोग मौजूद थे।फिलहाल चोरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
ट्रांसफार्मर के लिए तेल क्यों है जरूरी है?
ट्रांसफार्मर में इस्तेमाल होने वाला तेल उसके संचालन और कूलिंग सिस्टम का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। तेल की पर्याप्त मात्रा नहीं रहने पर ट्रांसफार्मर के संचालन पर असर पड़ सकता है और उपकरण को नुकसान पहुंचने का खतरा भी रहता है।ऐसे में ट्रांसफार्मर से बड़ी मात्रा में तेल चोरी होना बिजली विभाग के लिए गंभीर मामला माना जा रहा है।
