होटल में युवक के साथ होने का वीडियो वायरल होने के बाद उठाया आत्मघाती कदम,बिथरी चैनपुर क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बरेली : शहर के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है।प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि छात्रा होटल में एक युवक के साथ होने का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गहरे मानसिक तनाव में थी।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है।जानकारी के अनुसार, छात्रा एक होटल में अपने परिचित युवक और उसके एक साथी के साथ पहुंची थी। इसी दौरान सूचना मिलने पर कुछ लोग होटल पहुंच गए, जहां हंगामे की स्थिति बन गई। इस दौरान छात्रा और युवक के फोटो तथा वीडियो रिकॉर्ड किए गए। बाद में ये वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। मौके से युवक के एक साथी को पुलिस के हवाले किए जाने की भी बात सामने आई है।
वायरल होने के बाद तनाव में थी छात्रा
बताया जा रहा है कि वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी। मंगलवार रात उसने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।सूचना पर बिथरी चैनपुर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोलकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।
वीडियो वायरल करने वालों की भूमिका की भी होगी जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। जांच में यह भी शामिल किया गया है कि वीडियो और फोटो किसने रिकॉर्ड किए, उन्हें सोशल मीडिया पर किसने प्रसारित किया और पूरे घटनाक्रम में किसकी क्या भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
