यह किसी दल का नहीं, देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य का सवाल,कविता के जरिए भाजपा सरकार पर साधा निशाना
डिंपल यादव का सरकार पर हमला, बोलीं- छात्रों के साथ हर लड़ाई में समाजवादी पार्टी खड़ी है
नई दिल्ली : NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक, छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक घमासान के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने संसद परिसर में समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों के साथ विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।अखिलेश यादव ने स्पष्ट कहा कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों, युवाओं और उनके परिवारों के भविष्य की है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की बात संसद में नहीं सुनी जाएगी, तो विपक्ष लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर भी संघर्ष करेगा।
कविता के जरिए सरकार पर हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक कविता साझा करते हुए लिखा कि जब सरकार बच्चों की आवाज नहीं सुनेगी, जब छात्रों और छात्राओं के साथ कथित अन्याय होगा और संसद में विपक्ष को अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिलेगा, तब विपक्ष का सड़कों पर उतरना लोकतांत्रिक जिम्मेदारी बन जाएगा। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “वो सफेद कपड़ा लेकर गए जंतर-मंतर, हम काला कपड़ा लेकर पहुंचे संसद।” इसे उन्होंने छात्रों के समर्थन और विरोध के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई
मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार आखिर मंत्री को हटाने से क्यों बच रही है। उनके अनुसार, यदि इतने बड़े विवाद के बाद भी जवाबदेही तय नहीं होती, तो इससे सरकार की मंशा पर सवाल उठते हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में पिछले वर्षों में बड़ी संख्या में पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं और इससे करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पूरे मामले पर जवाब देना चाहिए।
‘यह किसी पार्टी का नहीं, छात्रों का मुद्दा’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यह समाजवादी पार्टी, कांग्रेस या भाजपा का मुद्दा नहीं, बल्कि छात्रों, युवाओं और नौजवानों का सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार हुआ और विपक्ष केवल उनकी आवाज उठाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि संसद में विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलता, तो प्रधानमंत्री आवास तक जाने जैसी स्थिति पैदा नहीं होती।
सरकार पर लगाए कई आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन को गंभीरता से लेने के बजाय सरकार ने दमन का रास्ता अपनाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष और छात्र संगठनों की प्रमुख मांगें लगभग समान हैं शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद व्यापक चर्चा, छात्रों के साथ हुई कथित घटनाओं की जवाबदेही और शिक्षा व्यवस्था में सुधार। उन्होंने किसानों की खाद की समस्या, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार कई मोर्चों पर जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है।
डिंपल यादव का सरकार पर हमला, बोलीं- ‘छात्रों के साथ हर लड़ाई में समाजवादी पार्टी खड़ी है
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने छात्रों के आंदोलन और दिल्ली में हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा छात्रों और नौजवानों के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की तस्वीरें बेहद दुखद हैं और सरकार को उनकी मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करना चाहिए। डिंपल यादव ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन हर नागरिक का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 जुलाई की घटना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत थी और सरकार तथा पुलिस के रवैये की समाजवादी पार्टी निंदा करती है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार में छात्र, नौजवान और किसान सभी परेशान हैं।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
