17 अगस्त को जिला न्यायाधीश करेंगे प्रेस वार्ता, समाधान समारोह के व्यापक प्रचार-प्रसार की तैयारी
बरेली : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली की ओर से 21 से 23 अगस्त 2026 तक ‘समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत)’ का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष लोक अदालत का उद्देश्य माननीय सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों का आपसी सुलह -समझौते के आधार पर निस्तारण कर पक्षकारों को त्वरित और सरल न्याय उपलब्ध कराना है।अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव जया प्रियदर्शिनी ने बताया कि तीन दिवसीय समाधान समारोह के दौरान ऐसे मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी। इनका निपटारा दोनों पक्षों की सहमति से संभव है। इससे लंबित मामलों का बोझ कम होने के साथ ही पक्षकारों का समय और खर्च भी बचेगा।
जिला जज बताएंगे विस्तार से
उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 17 अगस्त 2026 को अपराह्न 4:30 बजे जनपद न्यायाधीश सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। इस दौरान जनपद न्यायाधीश समाधान समारोह की रूपरेखा, उद्देश्य और प्रक्रिया की जानकारी देंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी पत्रकारों को इस प्रेस वार्ता में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि जिन मामलों का निस्तारण आपसी सहमति से संभव है, वे इस विशेष लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने विवादों का शीघ्र समाधान करा सकते हैं। यह पहल न्यायिक प्रक्रिया को सरल, सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
