जनसेवा टीम ने मेयर डॉ. उमेश गौतम को सौंपा ज्ञापन, अय्यूब खां चौराहे के स्काई वॉक को व्यावसायिक रूप से विकसित करने की रखी मांग
बरेली : शहर के अय्यूब खां चौराहा (पटेल चौक) स्थित स्काई वॉक को शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने की मांग तेज हो गई है। जनसेवा टीम के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी खां वारसी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर डॉ. उमेश गौतम से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने स्काई वॉक का बेहतर उपयोग करते हुए वहां व्यवस्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स विकसित करने का सुझाव दिया, जिसे मेयर ने जनहित में उपयोगी बताते हुए गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनाए गए स्काई वॉक का निर्माण काफी समय पहले पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक इसका पूर्ण रूप से उपयोग शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में इसे ‘स्काई वॉक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स मार्केट’ के रूप में विकसित किया जाए, ताकि यह शहर की पहचान बनने के साथ-साथ रोजगार और राजस्व का भी बड़ा केंद्र बन सके।
स्काई वॉक के दोनों ओर दुकानों का प्रस्ताव
ज्ञापन में सुझाव दिया गया कि स्काई वॉक के दोनों ओर करीब छह-छह फीट अतिरिक्त फ्लोर एरिया बढ़ाकर छोटे-छोटे व्यवस्थित शॉपिंग यूनिट तैयार किए जाएं। इन दुकानों का आवंटन स्थानीय बेरोजगार युवाओं और छोटे व्यापारियों को किया जाए, जिससे उन्हें स्थायी रोजगार मिल सके।
जाम और अतिक्रमण की समस्या का भी समाधान
जनसेवा टीम का कहना है कि शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर लगने वाले ठेले व अस्थायी दुकानों को इस मार्केट में स्थानांतरित किया जा सकता है। इससे सड़क किनारे होने वाला अतिक्रमण कम होगा और ट्रैफिक जाम की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलेगी।
नगर निगम की आय बढ़ाने का सुझाव
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि दुकानों के आवंटन, किराए और तहबाजारी शुल्क के माध्यम से नगर निगम को नियमित राजस्व प्राप्त होगा। इससे नगर निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ शहर के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
मेयर बोले- सुझाव पर होगा गंभीरता से विचार
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने प्रतिनिधिमंडल के सुझाव को सराहते हुए कहा कि नगर निगम भी स्काई वॉक के बेहतर उपयोग को लेकर विचार कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस प्रस्ताव पर गंभीरता से मंथन कर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये लोग रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खां वारसी के साथ व्यापारी नेता विशाल मल्होत्रा, डॉ. सीताराम राजपूत, निक्की वर्मा, हाजी साकिब रज़ा खां, हाजी उवैस खां, हाजी डॉ. कासिमुद्दीन, अहमद उल्लाह वारसी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
