बरेली: फरीदपुर तहसील क्षेत्र में फैक्ट्रियों से निकल रहे जहरीले पानी को लेकर किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नवादावन गांव और आसपास के इलाकों में खेतों में दूषित पानी भरने से फसलें खराब हो गई हैं और कई किसानों की जमीन बंजर होने की कगार पर पहुंच गई है।
भारतीय किसान यूनियन का जोरदार विरोध
भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष उपदेश सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान तहसील कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की।
जहरीले पानी पर रोक की मांग
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि हाईवे से सटे क्षेत्र में स्थित कई फैक्ट्रियों से निकलने वाला गंदा और जहरीला पानी सीधे खेतों में जा रहा है, जिससे खेती पूरी तरह प्रभावित हो रही है। किसानों ने मांग की कि फैक्ट्रियों के अपशिष्ट पानी पर तुरंत रोक लगाई जाए और जिम्मेदार फैक्ट्रियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। किसानों ने खेतों में नुकसान पहुंचा रहे छुट्टा गोवंशों की समस्या भी उठाई और प्रशासन से इन्हें गोआश्रय केंद्रों में भेजने की मांग की।
