बरेली: अलीगंज थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने भारी मात्रा में अफीम के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर अलीगंज थाना पुलिस ने बिहारीपुर रोड से ग्राम खेलम की ओर जाने वाले खेतों के रास्ते पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से करीब 490 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर थाना अलीगंज में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू, उम्र करीब 46 वर्ष, निवासी ग्राम अंजनी, थाना सिरौली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कम दाम में अफीम खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचता था।
पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी अफीम कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। नशे के इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
