रिश्तेदारों पर समाज से बहिष्कार और हत्या की धमकी देने का आरोप
बरेली : शहर की चर्चित यूट्यूबर और एक सियासी फैमिली की बेटी साक्षी मिश्रा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। प्रेम विवाह करने के बाद लगातार विवादों और विरोध का सामना कर रहे साक्षी और उनके पति अजितेश कुमार ने अब गंभीर आरोप लगाए हैं। इज्जतनगर थाना क्षेत्र निवासी अजितेश ने अपने ही परिवार और रिश्तेदारों पर मुकदमा दर्ज कराया है। अजितेश की शिकायत के मुताबिक गोविंद नायक, कृपाल नायक, दिनेश नायक, उदय राणावत और जितेन्द्र नायक सहित अन्य लोग उनके प्रेम विवाह का विरोध कर रहे हैं। आरोप है कि ये लोग गाली-गलौज और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। बार-बार हत्या की धमकी दी जा रही है। समाज से बहिष्कार की धमकी देकर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है। लगातार मानसिक उत्पीड़न से दंपती परेशान है। इस मामले में इंस्पेक्टर इज्जतनगर ने थे “The Justice HINDI” को बताया कि अजितेश का शिकायती पत्र मिला है, गाली गलौज और मारपीट आदि की शिकायत है। इसमें जांच चल रही है, बाकी जानकारी थाने पर पहुंचकर देंगे, किसी घटना के सिलसिले में बाहर हैं।
सुरक्षा की उठाई मांग
अजितेश ने पुलिस से अनुरोध किया है कि आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें तथा उनकी पत्नी को सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। गौरतलब है कि इससे पहले भी साक्षी मिश्रा ने अपने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। अब पति द्वारा मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद यह विवाद एक बार फिर गरमा गया है। सोशल मीडिया पर भी यह मामला खूब चर्चा बटोर रहा है, क्योंकि साक्षी मिश्रा यूट्यूबर और सोशल मीडिया की जानी-मानी हस्ती हैं।
