बरेली : यूपी के बरेली शहर के थाना सुभाष नगर क्षेत्र के खन्ना बिल्डिंग निवासी समयुन खान, अध्यक्ष एनजीओ “आस” संस्था, अपने तमाम महिला कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को अयूब खां चौराहा से कोतवाली तक पैदल मार्च कर पहुंचीं और पुलिस को एक शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रसिद्ध रामकथा वाचक जगतगुरु रामभद्राचार्य ने मेरठ में आयोजित कथा के दौरान बेटियों और इस्लाम धर्म पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की।
रामकथा वाचक ने दिया विवादित बयान
महिलाओं ने आरोप लगाया कि जगतगुरु रामभद्राचार्य ने कथित रूप से कहा “हिन्दू धर्म जैसा उदार कोई धर्म नहीं हो सकता है। किसी धर्म में महिला को बेबी कहते हैं, किसी पंथ में महिला को बीवी कहते हैं, केवल हिन्दू धर्म ऐसा है जहां महिला को देवी कहते हैं। इस्लाम धर्म में महिला की दुर्गति होती है। महिला से 25-25 बच्चे पैदा करना और फिर तीन तलाक दे देना यह महिला का यूज़ है और ऐसा हमारे यहां नहीं है।
धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
संस्था प्रमुख समयुन खान का कहना है कि इस बयान से हिन्दू और मुस्लिम दोनों समुदायों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। यह बयान समाज में नफरत फैलाने वाला और सौहार्द को चोट पहुंचाने वाला है। संस्था ने प्रशासन से मांग की है कि जगतगुरु रामभद्राचार्य के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसे बयान न दे सके।
