बरेली : यूपी के बरेली में जिला अस्पताल में करीब सवा महीने पहले एक महिला ब्लोसम स्पेंसर को घायल बताकर भर्ती कराने आए उसके भाई और भाभी शव छोड़कर भाग गए। इस घटना की शिकायत महिला की बहन ब्रोनिका स्पेंसर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की थी। पत्र में आरोप लगाया गया कि ब्लोसम अपने भाई बेंजामिन स्पेंसर के घर रहकर इलाज करवा रही थीं। इस दौरान विकास यादव, विजिट स्पेंसर, सुनैना, ब्लेसन स्पेंसर और गफ्फार मसीह ने उन्हें पीटा। दस अगस्त को सुनैना मृत अवस्था में ब्लोसम का शव जिला अस्पताल लेकर आईं। अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने मृत घोषित कर भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद सुनैना और बेंजामिन अस्पताल से भाग गए। इसके बाद में ब्रोनिका अपने पति लोकेश कुमार के साथ अस्पताल पहुंचीं और शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम में ब्लोसम के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए।
शिकायत और कानूनी कार्रवाई
ब्रोनिका ने बारादरी थाने में अपने भाई, भाभी, बहन, बहनोई और अन्य परिवारिक सदस्यों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर विवेचना जारी है और स्थिति स्पष्ट होगी। बताया जाता है कि स्पेंसर परिवार में पहले से मुकदमेबाजी चल रही है। 2024 में सुनैना ने भी ब्रोनिका और उनके पति के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब यह मामला गंभीर धाराओं में दर्ज होने से जांच और अधिक संवेदनशील हो गई है।
