बरेली: “गरीबी में आटा गीला” कहावत बरेली में एक बार फिर सच साबित हो गई। बताया जाता है कि कलेक्ट्रेट चौराहे से एक गरीब ई-रिक्शा चालक का ई-रिक्शा चोरी हो गया। घटना के बाद पीड़ित चालक न्याय की गुहार लगाकर फूट-फूटकर रोने लगा। ई-रिक्शा ही उसकी रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा था। जिससे वह अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
पल भर में चोरी हो गया ई-रिक्शा-SSP ऑफिस के पास से चोरी
पीड़ित अलाउद्दीन, निवासी बादशाह नगर, थाना सीबीगंज ने मीडिया को बताया कि वह किसी तारीख के सिलसिले में कलेक्ट्रेट आया था। उसने अपना ई-रिक्शा एसएसपी कार्यालय के बगल में स्थित एलआईयू ऑफिस के बाहर आम के पेड़ के नीचे खड़ा किया, और काम निपटाने चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा, तो ई-रिक्शा मौके से गायब था।
112 पर कॉल, CCTV खंगाले, फिर भी नहीं मिला सुराग
ई-रिक्शा गायब देख अलाउद्दीन के पैरों के तले की जमीन खिसक गई। उसने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास तलाश की, और पुलिस कार्यालय परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन देर शाम तक ई-रिक्शा का कोई सुराग नहीं लग सका।
कोतवाली में दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस
इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच -पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ई-रिक्शा चोरी के मामले में आसपास के कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।
ई-रिक्शा से चलता था घर,रोते हुए बयां किया दर्द
मीडिया से बात करते समय अलाउद्दीन खुद को संभाल नहीं सका। आंखों में आंसू लिए उसने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाकर अपनी पत्नी और चार बच्चों का पालन-पोषण करता है। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई से लेकर घर का सारा खर्च इसी ई-रिक्शा की कमाई से चलता था। ई-रिक्शा चोरी हो जाने से उसके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। यह कहते हुए वह फफक-फफक कर रो पड़ा।
गरीब की मेहनत पर वार, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
एसएसपी ऑफिस जैसे संवेदनशील इलाके के पास से ई-रिक्शा चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस चोरी से आम लोगों में भी चिंता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। जांच जारी है, और उम्मीद है कि जल्द ही ई-रिक्शा बरामद कर लिया जाएगा।
