बरेली : सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद बरेली में धार्मिक भावनाएं आहत होने का मामला सामने आया है। इसको लेकर जमीयत उलेमा-ए-हिंद के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन सौंपा और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
जमीयत ने कहा वीडियो से समुदाय की भावनाएं आहत
डीएम को दिए गए ज्ञापन में जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने बताया कि संगठन से जुड़े लोगों और बरेली निवासी प्रार्थियों को सोशल मीडिया के माध्यम से एक आपत्तिजनक वीडियो प्राप्त हुआ है। इस वीडियो से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। जिससे समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।
टॉयलेट में मौलाना मदनी की फोटो लगाकर आपत्तिजनक हरकतों का आरोप
ज्ञापन के अनुसार, वायरल वीडियो में ऋषभ ठाकुर निवासी सुभाष नगर, बरेली को कथित तौर पर टॉयलेट में मौलाना मदनी की फोटो लगाकर आपत्तिजनक और अशोभनीय हरकतें करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में उसके साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद बताए जा रहे हैं। बताया गया कि यह वीडियो 11 दिसंबर से लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है।
जानबूझकर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
जमीयत उलेमा-ए-हिंद का आरोप है कि यह कृत्य जानबूझकर किया गया है। इसका उद्देश्य एक विशेष समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना और समाज में नफरत फैलाना है। संगठन का कहना है कि इस तरह की घटनाएं शहर के आपसी सौहार्द और शांति व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं।
जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
संगठन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए और वीडियो वायरल करने वाले तथा उसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। जमीयत ने यह भी कहा कि दोषियों पर कार्रवाई से ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सकती है और बरेली की गंगा-जमुनी तहजीब बनी रह सकती है।
प्रशासन से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
ज्ञापन के माध्यम से जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने जिला प्रशासन से अपील की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए समय रहते कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके और शहर में अमन-चैन कायम रहे।
