बरेली : यूपी के बरेली देहात के विशारतगंज थाना क्षेत्र के खजुवाई।गांव में पारिवारिक विवाद और कथित प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी के घर छोड़कर प्रेमी के साथ चले जाने से आहत युवक यह सदमा सह नहीं पाया और साड़ी के फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के कथित प्रेम प्रसंग को लेकर घर में रहता था तनाव
मृतक के परिजनों के अनुसार, रामसेवक की पत्नी का गांव के ही एक युवक से काफी समय से कथित प्रेम संबंध चल रहा था। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। परिवार के लोगों ने कई बार दोनों को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन उनके बीच संपर्क खत्म नहीं हुआ। परिजनों का आरोप है कि इसी कारण पति-पत्नी के रिश्तों में लगातार तनाव बना रहता था।
नकदी और जेवर लेकर प्रेमी के साथ चली गई
परिवार का आरोप है कि बुधवार को रामसेवक की पत्नी घर से एक बच्चे को छोड़कर दूसरे बच्चे को साथ ले गई। इसके साथ ही घर में रखी नकदी और जेवरात भी साथ ले गई और गांव के ही धर्मवीर के साथ कहीं चली गई। पत्नी के अचानक घर छोड़कर चले जाने से रामसेवक गहरे सदमे में चला गया और मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगा।
कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला शव
शाम करीब छह बजे रामसेवक की भाभी गुडिया जब उसके घर पहुंचीं, तो कमरे का दरवाजा अधखुला था। अंदर जाकर देखा तो रामसेवक साड़ी के फंदे से लटका हुआ था। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
पत्नी और कथित प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी धर्मवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में शोक और चर्चा का माहौल
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पारिवारिक विवाद और रिश्तों में बढ़ते तनाव के कारण यह दर्दनाक घटना हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
