बरेली : शहर के सुभाषनगर इलाके में एक रेस्टोरेंट मालिक का तमंचे से फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई गई है। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
रील बनाने के लिए की फायरिंग, वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में आरोपी युवक खुलेआम देशी तमंचे से फायरिंग करता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो खुद रील बनाने के लिए शूट कराया गया।वीडियो में कुछ अन्य युवक भी मौजूद दिख रहे हैं। हथियार देशी कट्टा बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध गतिविधियों का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपी कार्तिक शर्मा लंबे समय से अवैध गतिविधियों में लिप्त है।दिल्ली बाईपास स्थित 80s Dug Out रेस्टोरेंट में अवैध शराब परोसी जाती है। नशीले पदार्थों और अवैध असलहों से जुड़े धंधे भी संचालित होने की आशंका है। स्थानीय लोगों में आरोपी की दबंगई के चलते डर का माहौल बताया जा रहा है।
सीएम पोर्टल पर शिकायत, सख्त कार्रवाई की मांग
शहर के परतापुर चौधरी निवासी शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि समय रहते कार्रवाई न होने पर अवैध गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। इंस्पेक्टर सुभाषनगर सतीश कुमार ने मीडिया को बताया कि मामला संज्ञान में लिया जा रहा है। वायरल वीडियो की पुष्टि की जांच की जा रही है। अवैध असलहे के इस्तेमाल पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
